सागर में सीएनजी कार में लगी आग, डाक्टर की पत्नी की मौत

0

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत चनाटौरिया टोल प्लाजा के नजदीक एक सीएनजी कार में आग लगने से एक चिकित्सक की पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौके पर एफएसएल टीम ने मुआयना किया।

सानौधा थाना प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार गढाकोटा निवासी डॉक्टर नीलेश कुर्मी पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आज तड़के उसकी पत्नी सीमा पटेल (34) को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सागर मकरोनिया स्थित निजी अस्पताल उपचार के लिए कार से लाया जा रहा था। साथ में दो किराएदार भी कार में सवार थे।

चनाटोरिया स्थित टोल टैक्स प्लाजा के नजदीक कोहरा होने के कारण कार बहक गई और सड़क से नीचे उतर गई। कार में सवार दोनों युवकों ने उतरकर कार को पीछे धकेलने का प्रयास किया गया तो कार में आग लग गई और विस्फोट हो गया।

कार में से जैसे-तैसे डॉ नीलेश को बाहर निकाला गया। पीछे की सीट पर लेटी उनकी पत्नी को जब तक बाहर निकालते, तब तक उनकी मौत हो गई। पुलिस को बताए अनुसार डॉक्टर नीलेश सिमरिया चौकी के बलेह का निवासी है और गढ़ाकोटा में निजी क्लिनिक संचालित करता है।