खरगोन। मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के मामले में उसके पिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस दल भेजा गया है।
सूत्रों ने बताया कि 12 वर्ष दो माह की पीड़िता अपनी मां के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार दंपती हाल ही में मजदूरी कर अपने क्षेत्र में लौटे थे। घटना 17 मार्च को हुई, जब आरोपी अपने ससुराल में पत्नी से विवाद के बाद अपनी पुत्री और दो पुत्रों को लेकर गांव की ओर निकला। रास्ते में अनाज भंडार स्थल पर रुककर उसने बच्चों को वहीं सोने को कहा। इसी दौरान उसने अपनी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया और अगले दिन वहां से चला गया।
पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। जब महिला ने पति से इस बारे में आपत्ति जताई तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। इसके बाद महिला अपनी पुत्री को लेकर थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



