कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा के घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र में एसी बनाने वाले संयंत्र में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया।
सूत्रों ने बताया कि आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है। राहत की बात रही कि आग लगने समय वहां कोई श्रमिक नहीं था इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे संयंत्र को चपेट में ले लिया।
आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। इससे आसपास के गांवों और औद्योगिक इकाइयों में दहशत फैल गई। इसके दो संयंत्रों में आग लगी जिसमें एक संयंत्र पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। एयरकंडीशनर (एसी) बनाने वाली इन दोनों कंपनियों में बस और ट्रेन के ए सी बनते हैं। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास क्षेत्र को खाली कराया।
शाहजहांपुर थाना अधिकारी प्रकिता ने बताया कि रात में घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र की एसी फैक्ट्री में आग की सूचना मिली। आशंका है कि अंदर रखे गैस सिलेंडर, कंप्रेसर या रसायन से भरे कंटेनर गर्मी के कारण फट गए होंगे. हालांकि आग के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही नीमराणा, बहरोड़, घीलोठ और सोतानाला से दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फैक्ट्री में एसी निर्माण से जुड़ा ज्वलनशील सामान, प्लास्टिक पार्ट्स, पैकिंग सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बड़ी मात्रा में मौजूद था, जिससे आग तेजी से फैली। फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार करोड़ों रुपए का माल और मशीनरी नष्ट हो गई।
सूत्रों ने बताया कि प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। शॉर्ट सर्किट, मशीनरी में खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसे सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। स्थानीय लोगों ने औद्योगिक क्षेत्र में आग की बड़ी घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत बताई है।



