नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर जोरदार हमला बोला है।
इसी कड़ी में संसद भवन परिसर में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन गया है। इससे पहले भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो जारी करके हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार हमला बोला था।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल की कीमत पर प्रति लीटर पांच रुपये की बढ़ोतरी से आम आदमी पर सीधा असर पड़ेगा और इससे जनता की जेब पर सालाना 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा का बोझ बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले ही दो बार में 10 रुपए से अधिक वैट बढ़ाया गया था और अब पांच रुपए का सेस जोड़कर कुल 15 रुपए का अतिरिक्त भार जनता पर डाला गया है। ठाकुर ने इसे जनविरोधी फैसला बताते हुए कांग्रेस सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की है।



