हार्टफुलनैस संस्था के वैश्विक मार्गदर्शक पूज्य दाजी 27 को अजमेर आगमन

0

अजमेर। लोक कल्याण को समर्पित सुप्रतिष्ठित हार्टफुलनैस संस्था के वैश्विक मार्गदर्शक पूज्य दाजी के अजमेर आगमन एवं उनके सान्निध्य में ध्यान सत्र का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम समन्वयक केके शर्मा (सेवानिवृत आईएएस) ने बताया कि दाजी आध्यात्मिकता के क्षेत्र में मानवता के उत्थान के लिए दीर्घावधि से कार्य कर रहे है। आधुनिकता के अंधानुकरण, आपाधापी एवं प्रतिस्पर्धा युक्त जीवन शैली में आज प्रत्येक मनुष्य जाने-अनजाने भय, निराशा, क्रोध, तनाव एवं असंतोष की स्थिति का सामना कर रहा है। इस स्थिति से सहज रूप से उबरने अर्थात व्यक्तित्व के विकास में ध्यान एवं रिलेक्सेशन की अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य को लेकर हार्टफुलनैस संस्था व्यापक जनहित में निःशुल्क अपनी सेवायें जन सामान्य को प्रदान कर रही है। ध्यान एवं रिलेक्सेशन के आश्चर्यजनक दिव्य अनुभव साधकों को प्राप्त हो रहे है।

जोनल समन्वयक मुकेश पटेल ने जानकारी दी कि हार्टफुलनैस ध्यान एवं अर्न्तमन से जुड़ी एक हृदय आधारित अभ्यास है जिसमें प्राणाहुति के माध्यम से स्वयं से जुड़ाव होता है। मानव सेवा से जुड़ी हार्टफुलनेस संस्था का कार्यक्षेत्र राष्ट्रीय स्तर तक ही सीमित नहीं है अपितु वसुधैव कुटुम्बकम के भाव से ओतप्रात होकर यह संस्था सम्पूर्ण जगत के हित के कार्य कर रही है। आज विश्व के 170 से अधिक देशों में करीब 20 हजार प्रशिक्षक संस्था के माध्यम से ध्यान सेवायें दे रहे हैं। ध्यान एवं रिलेक्सेशन जनमानस के लिए उपयोगी सिद्ध हो रहे है।

शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक महावीर प्रसाद शर्मा ने संस्था की जनकल्याणकारी गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए पूज्य दाजी का परिचय देते हुए बताया कि दाजी (कमलेश डी. पटेल) हार्टफुलनैस संस्था के वैश्विक मार्गदर्शक तथा श्री रामचन्द्र मिशन संस्था के अध्यक्ष है। आध्यात्मिकता के क्षेत्र में आप पद्मभूषण से सम्मानित है। दाजी ध्यान के अतिरिक्त वैश्विक स्तर पर योग, शिक्षा, पर्यावरण, चिकित्सा, पॉटरी, पोलेरिटी आदि के क्षेत्र में सक्रिय है। दाजी आध्यात्मिकता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के अनूठे संगम से लोगों के व्यक्तित्व का विकास कर रहे है।

मेडीकल कॉलेज के वरिष्ठ आचार्य डॉ. विकास सक्सेना ने बताया कि दाजी के सानिध्य में संस्था से जुडे साधकों सहित आम शहरवासियों के लिये ध्यान के दो प्रमुख सत्र रहेगें। पूज्य दाजी के अजमेर आगमन की तिथि में परिवर्तन के कारण उनके द्वारा आयोजित ध्यान सत्रों के कार्यक्रमों की तिथि एवं स्थान में भी परिवर्तन किया गया है।

27 व 28 मार्च को ध्यान सत्र

अब समस्त कार्यक्रम होटल ग्रैंड जीनिया के स्थान पर जेएलएन मेडिकल कॉलेज के अंबेडकर सभागार में होंगे। इसी प्रकार पूज्य दाजी का आगमन 26 मार्च के स्थान पर शुक्रवार 27 मार्च को हो रहा है। इसके अनुसार शुक्रवार 27 मार्च को शाम 5.30 बजे ध्यान सत्र होगा। शनिवार 28 मार्च को सुबह 7 बजे सामूहिक ध्यान कराया जाएगा। डॉ. मनीषा सक्सेना ने ध्यान के सुखद अनुभव से लाभान्वित होने हेतु शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पधारने की अपील की।