दिल्ली के करोल बाग में यात्री बस पलटने से 2 की मौत, 23 घायल

0

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के करोल बाग स्थित हनुमान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक स्लीपर पर्यटक बस के पलट जाने से दो यात्रियों की मौत हो गई एवं 23 घायल हो गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात एक बजकर पांच मिनट पर हुए इस हादसे में जयपुर-दिल्ली मार्ग की इस बस में करीब 30 यात्री सवार थे। बस पलटने से कई यात्री अंदर ही फंस गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करोल बाग पुलिस स्टेशन की एक टीम को मौके पर भेजा। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से एक जेसीबी मशीन का इस्तेमाल कर बस को सीधा किया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि कुल 23 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया जिसमें 12 घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाया गया जहां दो लोगों की मौत हो गई। दस घायलों को सर गंगा राम अस्पताल और एक घायल को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

मृतकों में से एक की पहचान शहबाज आलम (30) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बस चालक पंकज कुमार (26) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।