मार्कपुरम। आंध्रप्रदेश में मार्कपुरम जिले के रायवरम गांव में गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में एक यात्री बस में आग लग जाने से 14 यात्री जिंदा जल गए।
पुलिस ने बताया कि एक निजी बस आज तड़के तेलंगाना के जगतियाल से पामुरु जा रही थी तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह बस ट्रक से टकरा गई। इसके बाद तुरंत बस में आग लग गई।
पुलिस के अनुसार दस यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य ने सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में कुल 30 यात्री सवार थे।
उन्होंने बताया कि दमकल की गाड़ियों के पहुंचने और आग बुझाने से पहले ही बस और ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। पुलिस ने बताया कि घायल यात्रियों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए ओंगोल स्थित रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में से अधिकांश के शव इतनी बुरी तरह जल चुके थे कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। मृतकों में कुछ महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने घायलों और मृतकों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 6304285613, 9985733999 और 7989537285 फोन नंबरों के साथ एक ‘नियंत्रण कक्ष’ स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला अधिकारियों से बात की और उन्हें पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री वी अनिता भी दुर्घटनास्थल पहुंची।



