मनोकामनापूर्ण रोग निवारक विशेष महाआरती
अजमेर। नवरात्र महोत्सव के उपलक्ष्य में फायसागर रोड श्रीजी विहार स्थित माता पद्मावती मंदिर में गुरुवार को अष्टमी की मनोकामनापूर्ण रोग निवारक विशेष महाआरती का आयोजन किया गया। मान्यता है कि आरती में भाग लेने मात्र से असाध्य रोगों का निवारण हो जाता है। माता पद्मावती की विशेष कृपा से नवरात्र की इस आरती में बडी संख्या में धर्मप्रेमी जुटे।
खास बात यह है कि अजमेर में एकमात्र माता पद्मावती मंदिर है जहां भक्त स्वयं माता की आरती स्वयं करता है। यह प्रथा ओर कही नहीं है। इस मंदिर में माइग्रेन के रोगी भी आरती के माध्यम से आशीर्वाद लेने आते हैं। अष्टमी के दिन मंदिर में दिनभर भक्तों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम को भजन संध्या के बीच महाआरती में सैकडों लोगों ने भाग लिया। महिलाओं ने मंगल गीत गाए।
राजेश मोना जैन ने बताया कि जिन लोगों को लंबे समय से दवाइयों के बावजूद राहत नहीं मिल रही, विशेषकर माइग्रेन जैसे रोगों से ग्रसित श्रद्धालुओं को इस आरती से विशेष स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ है। बीते वर्षों में कई श्रद्धालु इस आरती के माध्यम से लाभान्वित होने का दावा कर चुके हैं, जिससे इसकी आस्था और महत्व और भी बढ़ गया है। यह मनोकामनापूर्ण रोग निवारक विशेष आरती पिछले 15 से 20 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। वर्ष में दो बार, चैत्र और कार्तिक नवरात्र के दौरान इस आयोजन का विशेष महत्व रहता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं।




