कौशांबी। उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फतेहपुर जिले के विभिन्न गांवों के करीब 25 लोग पिकअप वाहन से प्रयागराज में एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोरमा गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई।
इस हादसे में गुड़िया (निवासी कौरीकड़ा), कल्लो, सुखरानिया, राजकुमारी, दर्रानिया समेत पांच महिलाओं तथा तीन बच्चों ध्रुव (7), मयंक (10) और एक अज्ञात बालक की मृत्यु हो गई।
उन्होने बताया कि घटना में श्रीकेशन, मैकी, शांति, मीरा, गुड़िया, नीरा, लवकुश, साधना, शिमला, सुंदी देवी, राजन, कमलेश, प्रिंस, शुभम और कैलाश सहित 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।



