कोटा। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अध्यात्म को सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताते हुए कहा है कि सभी विद्यालयों में विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा लगनी चाहिए ताकि विद्यार्थी जब सुबह विद्यालय आए तो मां सरस्वती के दर्शन कर विद्या के प्रति सकारात्मक ऊर्जा और सोच के साथ स्कूल में पढ़ें और अपने स्वर्णिम भविष्य का निर्माण कर सके।
दिलावर शुक्रवार को कोटा जिले की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामगंज मंडी में आचार्य परिवार द्वारा स्थापित मां सरस्वती के मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अध्यात्म हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है! जब हम अध्यात्म से जुड़ते हैं तो मन से नकरात्मक विचार दूर होते है! और सद विचारों के साथ हम आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा केवल किताबी नहीं होनी चाहिए। अध्यापकों को विद्यार्थियों मे नैतिक,चारित्रिक और मानवीय गुण भी पैदा करने होंगे ताकि विद्यार्थी आगे चलकर सद मार्ग पर चले और अपनी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारियां को भी समझे।
दिलावर ने कहा सरकार सामाजिक मूल्य,नैतिक और मानवीय गुणों के शिक्षा में समावेश पर विशेष जोर दे रही है। हम हमारे स्थानीय महापुरुषों को भी पाठ्यक्रम में शामिल कर रहे हैं, ताकि बच्चे उनके जीवन को पढ़कर प्रेरणा ले सकें।
उल्लेखनीय है कि व्याख्याता सतीश कुमार आचार्य ने अपने पिता पुरुषोत्तम लाल आचार्य की स्मृति में विद्यालय में मां सरस्वती का मंदिर बनवाया है। कार्यक्रम में दिलावर ने आचार्य परिवार एवं पुरुषोत्तम लाल आचार्य की पत्नी सूरज बाई आचार्य का शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन और सम्मान किया।



