यौन उत्पीड़न का विरोध करने पर टीवी अभिनेता आशीष मेश्राम ने की घरेलू सहायिका की हत्या

13

मुंबई। मुंबई के पास मीरा रोड इलाके में एक टीवी अभिनेता को अपनी घरेलू सहायिका की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला पर तब हमला किया जब उसने उसके साथ यौन संबंध बनाने से इनकार कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष मेश्राम के रूप में हुई है। इस अभिनेता ने कई टीवी धारावाहिकों में काम किया है। घटना मीरा रोड स्थित चांदेश अकॉर्ड आवासीय परिसर की है, जहां पीड़िता सुमन नवाच हाउसकीपर के रूप में काम करती थी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार मेश्राम पिछले कुछ समय से सुमन पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था, जिसे उसने ठुकरा दिया था।

शनिवार को हुए इस हिंसक हमले के दौरान मेश्राम ने चाकू से सुमन पर ताबड़तोड़ वार किए। आरोपी ने उसके पेट, छाती और गर्दन पर गहरे घाव किए। घायल अवस्था में सुमन को तुरंत गुरुकृपा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी आशीष मेश्राम को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।