जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ‘इंतज़ारशास्त्र’ ने भाजपा के रणनीतिकारों की नींद उड़ा दी हैं।
जूली ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि बौखलाहट में भाजपा नेता अब मानसिक संतुलन खोकर भ्रामक और लफ्फाजी भरी बयानबाजी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर यह होता कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ यह बताते कि इन प्रोजेक्ट्स को कब तक पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
प्रदेश ईंधन की किल्लत और वेंटिलेटर पर खड़ी स्वास्थ्य सेवाओं से कराह रहा है और सरकार अपनी ‘कुंभकर्णी नींद’ में मदमस्त है। सरकार को जुमलेबाजी छोड़कर उन जनहित की परियोजनाओं को बहाल करना चाहिए जिन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
उन्होंने भाजपा सरकार को ‘शासन’ चलाने के लायक नहीं करार देते हुए कहा कि यह केवल ‘कुशासन और विज्ञापनों’ की इवेंट कंपनी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि 12 साल से ‘आत्मनिर्भरता’ का जो खोखला ढोल पीटा जा रहा था, उसका सच जनता के सामने आना चाहिए कि आखिर देश बदहाली और बेरोजगारी के अलावा किस चीज में आत्मनिर्भर हुआ है।
उन्होंने राजेंद्र राठौड़ पर तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक नियुक्तियों में दरकिनार किए गए राठौड़ साहब अपनी ‘राजनीतिक प्रासंगिकता’ बचाने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं। ‘इंतज़ारशास्त्र’ के खिलाफ उनकी अनर्गल टिप्पणी उनकी हताशा दर्शाती है।
जूली ने राजेंद्र राठौड़ द्वारा मेडिकल कॉलेजों के श्रेय लेने की कोशिशों को तथ्यों की हत्या करार दिया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही प्रतापगढ़, राजसमंद और जालोर जैसे उपेक्षित जिलों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की न केवल घोषणा की, बल्कि बजट और जमीन का इंतजाम भी किया। यह भाजपा का जनता विरोधी चेहरा है कि सत्ता में आते ही उन्होंने इन जीवनदायी प्रोजेक्ट्स को सिर्फ इसलिए रोक दिया क्योंकि इन्हें कांग्रेस ने शुरू किया था।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत 45 लाख नल कनेक्शन का सफेद झूठ बोलने वाली भाजपा आज 20 लाख के आंकड़े पर ही हांफ रही है जो लोग विपक्ष में बैठकर धीमी गति का रोना रोते थे, आज सत्ता की मलाई खाते हुए ग्रामीण राजस्थान को प्यासा मार रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में त्राहि-त्राहि मची है और सरकार केवल करोड़ों के झूठे विज्ञापनों में अपनी फोटो चमकाने में व्यस्त है।



