नवमीं पर नौसर माता मंदिर में भक्ति का सागर, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

1


अजमेर।
पुष्कर घाटी स्थित प्राचीन नौसर माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार शाम भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और देर रात तक पूरा वातावरण माता रानी के जयकारों और मधुर भजनों से गूंजता रहा। मंदिर परिसर दीपों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित था, जिससे माहौल और भी दिव्य एवं मनमोहक हो गया।

भजन संध्या में स्थानीय एवं बाहर से आए प्रसिद्ध भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक देवी भजन प्रस्तुत किए। “जय अम्बे गौरी”, “मेरी झोली भर दे मां” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी भक्ति रस में डूबकर माता के गीतों पर थिरकते नजर आए। आयोजन के दौरान भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और हर कोई मां के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करता दिखाई दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पीठाधीश्वर रामा कृष्ण देव के सानिध्य में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के समय पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भर गया और हर ओर जय माता दी के जयघोष गूंजने लगे। आरती के दौरान भक्तों ने माता की आराधना की और सुख-समृद्धि की कामना की। पीठाधीश्वर का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गई थीं। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, प्रसाद वितरण और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। भजन संध्या के पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

नवरात्रि की नवमी पर आयोजित इस भव्य भजन संध्या ने भक्तों के मन में गहरी आस्था और श्रद्धा का संचार किया। देर रात तक चले इस आयोजन में भक्त पूरी तरह से भक्ति में लीन नजर आए और नौसर माता के दरबार में हाजिरी लगाकर अपने जीवन को धन्य किया।