मांगलिक कार्यक्रम में रात में डीजे पर देवर-भाभी ने किया जमकर डांस, सुबह फंदे पर लटके मिले

1

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम बखतपुर में एक ही पेड़ पर देवर-भाभी के शव लटके पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रात में दोनों ने घर में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में डीजे पर जमकर डांस किया था।

परिजनों के अनुसार ग्राम वासी अखिलेश के चाचा भीमसेन कश्यप शुक्रवार को नेजा चढ़ाने मैनपुरी परिजनों और ग्रामवासियों के साथ गए थे। नेजा चढ़ाने के बाद गांव लौटने पर खुशियां मनाने के लिए डीजे लगवाया गया और सभी ने डांस किया। अखिलेश और उसकी भाभी सरोजनी ने भी जमकर डांस किया।

रात 11 बजे के बाद दोनों गायब हो गए। सुबह उनके शव गांव के बाहर पेड़ पर एक साथ लटके मिले। सरोजनी का पति बीकानेर में ईंट के भट्टे पर मजदूरी का काम करता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पेड़ से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस घटना को प्रेम प्रसंग या घरेलू झगड़े के कारण होना मान रही है। घटना का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चल सकेगा।

सूत्रों ने बताया कि अखिलेश की उम्र 18 वर्ष और सरोजनी की उम्र 30 वर्ष थी। दोनों आपस में पूरे कार्यक्रम के दौरान घुले-मिले रहे और खुश दिखे। किसी को यह एहसास नहीं हुआ कि उनके मन में कुछ और ही चल रहा है। दोनों की मौत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर फॉरेन्सिक टीम ने भी जांच की है। दोनों के शव एक ही साड़ी से लटके पाए गए। घटना का कारण जानने के लिए परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।