जैसलमेर में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर के अलग-अलग कमरों में मिले शव

0

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर शहर में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शहर की लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी में एक मकान से मां और उसके 16 वर्षीय बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय सोनू कंवर और उनके बेटे दक्षवर्धन सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस दोनों की मौत को आत्महत्या से जुड़ा मामला मानकर चल रही है, हालांकि इसके पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे घटना का पता चला। मां-बेटे घर में अकेले रहते थे। जब काफी देर तक दोनों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद महिला के देवर दौलत सिंह घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने और आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया। अंदर दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले।

सुबह परिजनों और पड़ोसी से हुई थी बातचीत

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे दक्षवर्धन ने अपने चाचा दौलत सिंह को फोन किया था, लेकिन उस समय उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। इसके कुछ देर बाद सुबह करीब छह बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने दूध के संबंध में फोन किया। फोन दक्षवर्धन ने उठाया और गांव जाने की बात कहते हुए उस दिन दूध नहीं लेने की जानकारी दी थी। इसके बाद दोपहर तक मां-बेटे से संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों के घर पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ।

तीन साल पहले सड़क हादसे में हुई थी पिता की मौत

पुलिस के अनुसार दक्षवर्धन कक्षा नौवीं का विद्यार्थी था। उसके पिता भंवर सिंह की करीब तीन साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद सोनू कंवर अपने बेटे के साथ जैसलमेर में रह रही थीं। परिवार की पृष्ठभूमि और हालात को भी पुलिस जांच के दौरान ध्यान में रख रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमाराम विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वृत्ताधिकारी रूपसिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई तथा परिजनों को घटना की सूचना दी। फिलहाल मां-बेटे की मौत के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।