मुंबई। सरकारी क्षेत्र की पेट्राेलियम उत्पाद वितरक कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लि (एचपीसीएल) ने शनिवार को अपने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद घरेलू एलपीजी की उसकी आपूर्ति सामान्य और पर्याप्त रूप से जारी है।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कंपनी ने कहा कि एलपीजी की उपलब्धता स्थिर बनी हुई है और किसी भी प्रकार की कमी की संभावना नहीं है। वह आपूर्ति की कड़ी निगरानी कर रही है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।
कंपनी के अनुसार वह एलपीजी वितरण के काम को इस समय सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उसकी ओर से घरों तक निर्बाध रूप से प्रतिदिन 15,20,000 से अधिक सिलेंडरों की आपूर्ति जा रही है उसका जो सामान्य वितरण है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि रिफिल बुकिंग के लिए ग्राहकों को कंपनी के वितरण केंद्रों (स्थानीय गैस डीलरों) के परिसरों पर जाने के बजाय मोबाइल फोन पर बोली रिकार्ड कराने की प्रणाली, एसएसमए, मिस्ड कॉल, एचपी पे और व्हाट्सऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, और लगभग 93 प्रतिशत बुकिंग पहले ही इन माध्यमों से की जा रही हैं।
विज्ञप्ति में यह भी बताया गया है कि उसने शुक्रवार को अपने रिटेल नेटवर्क के माध्यम से 36,188 हजार लीटर (3.6 करोड़ लीटर से अधिक) पेट्रोल और 67,339 किलो लीटर (6.7 करोड़ लीटर से अधिक) डीजल की आपूर्ति की।
डिलीवरी डीएसी/ओटीपी-आधारित प्रमाणीकरण के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है, जिससे सुरक्षित और सत्यापित प्राप्ति सुनिश्चित होती है।
एचपीसीएल अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेब पोर्टल और टोल-फ्री नंबर (1800-2333-555) के माध्यम से ग्राहकों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। ग्राहक त्वरित सहायता के लिए मायएचपीगैस.इन पर भी सम्पर्क कर सकते हैं।
इस बीच कंपनी ने आकस्मिक निरीक्षणों का सिलसिला तेज कर दिया है ताकि वितरण में कदाचार न हो। उसकी ओर से अब तक 3,650 से अधिक निरीक्षण किए गए हैं, जिनमें 31 वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिसमें 12 डिस्ट्रीब्यूटरशिप का निलंबन शामिल है।
कंपनी नियम लागू करने वाली की ये कार्रवाइयां दूसरी पेट्रोलियम विपणन कंपनियों और राज्य सरकारों के साथ समन्वय में कर रही है। इसके तहत अब तक लगभग 653 छापे मारे गए हैं, 40 एफआईआर दर्ज की गई हैं, और 3,163 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं।



