रुद्रपुर। उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 19 महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि 19 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनका मेडिकल, काउंसलिंग और पुनर्वास शुरू किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों ने रविवार को रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। गोपनीय सूचनाओं और स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर चिन्हित स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियां संचालित होते मिलीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ग्राहकों और संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कुल 5 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में गौरव साहू निवासी हंस बिहार, भूरारानी, रूद्रपुर, सूरज राठौर निवासी ग्राम शेरगढ़, बरेली, उप्र, अरशद निवासी दक्षिणी दिल्ली, रोहित छाबड़ा निवासी वार्ड नंबर 34, इंदिरा कालोनी, रूद्रपुर शामिल हैं जबकि स्पा सेंटर संचालक गुरमीत उर्फ गोपी और मो. शकील इंदिरा कालोनी, करनाल, हरियाणा वांछित हैं।
इसी प्रकार पंतनगर क्षेत्र के मेट्रोपोलिस मॉल में संचालित कई स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर ‘द थाई यूनीसेक्स स्पा, डायमंड स्पा और द ग्रीन वैली स्पा’ में अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि हुई। यहां से करीब 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया और तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में सानू निवासी ट्रांजिट कैंप, ओमप्रकाश निवासी मेट्रोपोलिस रुद्रपुर, आदिल निवासी मैना ढ़ेर, मुरादाबाद, उप्र, आसिम एवं नासिर निवासीगण अमरिया पीलीभीत, उप्र और मोहित निवासी तिलक नगर, दिल्ली शामिल हैं। अमित कुमार वांछित है।
वहीं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में थाई स्पा और एंजेल स्पा में कर्मचारियों के सत्यापन और रिकॉर्ड में अनियमितता पाए जाने पर पुलिस ने दोनों सेंटरों पर 20,000 रुपए का चालान किया। पुलिस के अनुसार कई संचालक और सहयोगी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही जिले के अन्य संदिग्ध स्पा सेंटरों की भी जांच जारी है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध गतिविधियों और अनैतिक कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।



