सिरसा में षड़यंत्र से शादी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, लुटेरी दुल्हन सहित दो महिला अरेस्ट

0

सिरसा। हरियाणा के सिरसा में पुलिस ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए शादी के नाम पर ठगी करने वाली फर्जी दुल्हन सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि जिला के गांव पंजुआना निवासी , बिजली विभाग में ड्राइवर के पद पर कार्यरत एक यवुक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 में उसके एक साथी ड्राइवर ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया। उसने कहा कि उसकी पहचान के कुछ ऐसे लोग से है जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं।

पीड़ित युवक की शादी के लिए सहमति होने पर उसे दो युवकों से मिलवाया गया, जिन्होंने शादी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की और लड़की तथा उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया।

आरोपियों ने पीड़ित को हिसार बुलाकर एक मकान में शिवानी शर्मा नाम की युवती से सगाई करवा दी। सगाई के नाम पर पीड़ित से डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण ले लिए गए। कुछ समय बाद भी जब शादी नहीं हुई तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया और बताया कि लड़की के माता-पिता की मृत्यु हो गई है, जिससे शादी टाल दी गई। जब पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ और उसने शिकायत करने की बात कही, तो आरोपियों ने अस्थायी तौर पर बिना शादी के युवती को पीड़ित युवक के घर पर भेज दिया।

तीन अक्टूबर 2025 को शिवानी उसके घर आकर रहने लगी, लेकिन आठ अक्टूबर की रात वह घर से नकदी और सोने के जेवरात लेकर एक अन्य महिला के साथ फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पड़यंत्र के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन फुल्लन देवी उर्फ शिवानी शर्मा निवासी जिला छतरपुर मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार की गई महिला से पूछताछ के दौरान मामले में शामिल मुख्य आरोपी सरोज निवासी हिसार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शहर थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि गिरफ्तार की गई महिलाओं से 30 हजार रुपए की नगदी व सोने के आभूषण बरामद कर लिए है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था।