वृंदावन में यमुना में स्टीमर पलटने से 9 पर्यटकों की डूबकर मौत

4

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। इस हादसे में नौ पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में छह महिलाएं और तीन पुरुष हैं। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इसकी पुष्टि की है। स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा दोपहर पौने तीन बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान मौके पर बचाव और राहत कार्य में लगे हैं जिनकी मदद स्थानीय पुलिस और 50 गोताखोर कर रहे हैं। गोताखोर गुलाब ने बताया कि डूबे 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

एक पीड़ित पर्यटक ने बताया कि हम सभी जगराओं (लुधियाना) से आए हैं। तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में स्टीमर अचानक तेज हवा से डगमगाने लगा। स्पीड भी बढ़ गई। तभी स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया।