झारखंड के चतरा में आवासीय विद्यालय की 13 वर्षीय छात्रा प्रेगनेंट, आरोपी प्रधानाध्यापक अरेस्ट

1

रांची। झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में संचालित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय की महज 13 वर्षीय छात्रा के गर्भवती होने का खुलासा हुआ है। इस मामले में स्कूल के ही प्रधानाध्यापक शंकर प्रसाद पर गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा जब छुट्टी में अपने घर गई तो परिजनों को उसके पेट के असामान्य रूप से बढ़ने पर शक हुआ। पूछताछ करने पर बच्ची ने जो बताया, उससे परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद आक्रोशित परिजन विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। गंभीरता को देखते हुए पीड़ित छात्रा और आरोपी प्रधानाध्यापक को थाना लाया गया, जहां प्रारंभिक पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

मामला सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। उपायुक्त कीर्ति श्री के निर्देश पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार और एसडीओ सह जिला कल्याण पदाधिकारी जहूर आलम ने बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) के अधिकारियों के साथ विस्तृत जांच की।

पीड़िता के बयान और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रशासन ने पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि इस जघन्य अपराध में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।