जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष पर छात्राओं ने लिया स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहर बनाने का संकल्प

0

जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर अपनी स्थापना के 300वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने और शहर की विरासत को संरक्षित रखने के उद्देश्य से मंगलवार को एसएस जैन सुबोध पीजी महिला महाविद्यालय में ‘आपणो जयपुर हरित संगम महोत्सव’ के प्री-कार्यक्रम के तहत ‘स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर जयपुर’ विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं ने जयपुर की ऐतिहासिक पहचान, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फिक्की फ्लो जयपुर चैप्टर की संस्थापक अध्यक्ष एवं आपणो जयपुर हरित संगम महोत्सव की अध्यक्ष नीता बूचरा (जैन) थीं। सह-सचिव धनंजय सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शहर की ऐतिहासिक विरासत को बचाने के साथ भावी पीढ़ियों के लिए बेहतर और पर्यावरण अनुकूल जयपुर विकसित करने पर जोर दिया गया।

300 साल पुरानी विरासत को सहेजना हमारी जिम्मेदारी : नीता बूचरा

छात्राओं से संवाद करते हुए नीता बूचरा ने कहा कि ‘स्वच्छ जयपुर, स्वस्थ जयपुर और सुंदर जयपुर’ केवल नारा नहीं, बल्कि जागरूक और जिम्मेदार शहर बनाने की सामूहिक परिकल्पना है। महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने करीब तीन शताब्दी पहले जयपुर की स्थापना करते समय दूरदर्शिता, वैज्ञानिक सोच, स्थापत्य कला और सुव्यवस्थित नगर नियोजन का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी पहचान आज भी देश-दुनिया में है।

उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों से मिली इस ऐतिहासिक विरासत पर गर्व करने के साथ उसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। जयपुर की पहचान आने वाले 300 वर्षों तक कायम रहे, इसके लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को जनजीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

बूचरा ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और अन्य मांगलिक अवसरों पर पौधारोपण करें तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी लें। घरों में गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग वर्गीकरण, आसपास सफाई बनाए रखना, अधिक से अधिक पौधे लगाना और पारंपरिक लोकगीतों एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण जैसे छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।

उन्होंने ‘आपणो जयपुर-आपणो गौरव’ और ‘आपणो जयपुर-आपणी जिम्मेदारी’ के दो ध्येय वाक्य प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही जयपुर को आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर बनाया जा सकता है।

हरित संगम महोत्सव को जनजागरण अभियान बनाने पर जोर

विशिष्ट अतिथि धनंजय सिंह ने कहा कि ‘आपणो जयपुर हरित संगम’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहर बनाने के लिए निरंतर चलने वाला जनजागरण अभियान है। इसका उद्देश्य नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है, ताकि पूर्वजों से मिली विरासत को और बेहतर बनाकर अगली पीढ़ी को सौंपा जा सके।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े कार्यों को केवल सरकारी जिम्मेदारी मानने के बजाय प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही जयपुर की ऐतिहासिक पहचान और प्राकृतिक सुंदरता को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

प्राचार्य ने छात्राओं को दिलाया संकल्प

कार्यक्रम की शुरुआत में एसएस जैन सुबोध पीजी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य स्वाति जैन ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर जयपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि शहर की सुंदरता केवल उसके ऐतिहासिक भवनों और पर्यटन स्थलों से नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता, स्वच्छ आदतों और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी से भी बनती है। जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष को इसी सोच के साथ जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के अभियान के रूप में मनाने पर जोर दिया गया।