कर्नाटक : शक्ल नहीं मिलने के गांव वालों के ताने के कारण पिता ने अपने बेटे की हत्या की

12

विजयपुर। कर्नाटक के विजयपुर जिले के नागठाण गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक पिता ने अपने ही छह साल के मासूम बेटे को सिर्फ इसलिए मार डाला क्योंकि गांव वाले ताना मारते थे कि बच्चे की शक्ल उससे नहीं मिलती।

पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबार्गी ने बुधवार को बताया कि आरोपी मल्लिकार्जुन अरकेरी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी 16 मार्च को अपने बेटे सिद्धार्थ को स्कूल में दाखिला दिलाने के बहाने घर से ले गया था। वह बच्चे को लेकर महाराष्ट्र के कराड इलाके में गया और वहां उसे कृष्णा नदी में फेंक दिया।

घर लौटने पर उसने परिवार वालों से झूठ बोला कि सिद्धार्थ का दाखिला सिंदगी के पास एक हॉस्टल में करा दिया गया है और वह वहीं रह रहा है। परिवार को उसकी बातों पर यकीन हो गया, लेकिन शक तब पैदा हुआ जब एक अप्रैल को सिद्धार्थ का जन्मदिन आया। मां भाग्यश्री ने जब बच्चे को जन्मदिन के लिए घर लाने की जिद की, तो आरोपी घबरा गया और घर छोड़कर भाग गया।