सिरोही। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी का शुभारंभ प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र ही इसका उद्घाटन करेंगे, जो राजस्थान के लिए गौरव का विषय है।
सिरोही के एकदिवसीय प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में राठौड़ ने कहा कि रिफाइनरी शुरू होने से प्रदेश का आर्थिक एवं औद्योगिक कायाकल्प होगा। इससे प्रतिवर्ष हजारों करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा तथा रेलवे, पाइपलाइन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विस्तार भी होगा, जिससे व्यापक स्तर पर रोजगार एवं विकास के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि वे संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा एवं प्रस्तावित प्रधानमंत्री दौरे की तैयारियों के सिलसिले में सिरोही आए हैं।
परिवारवाद पर भाजपा का स्पष्ट रुख
मीडिया के प्रश्नों का उत्तर देते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा में परिवारवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कांग्रेस सहित अन्य दलों पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता की मेहनत और सेवा भावना के आधार पर दायित्व दिए जाते हैं। उन्होंने अपने उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण कार्यकर्ता भी संगठन में शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
गौ सेवा के प्रति सरकार संवेदनशील
गौ सेवा अनुदान में विलंब के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय को गंभीरता से लेती है। यदि कहीं देरी हुई है तो उसके कारणों की जांच की जाएगी, लेकिन सरकार गौ सेवा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
जवाबदेही और पारदर्शिता पर जोर
भाजपा पदाधिकारियों पर लगने वाले आरोपों के संदर्भ में राठौड़ ने कहा कि पार्टी में शिकायतों पर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की परंपरा है।
महिला आरक्षण पर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता
महिला आरक्षण विधेयक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस विषय को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया है। लोकसभा एवं राज्यसभा से पारित होने के बाद इसे लागू करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा मिलेगी।
स्थानीय पूर्व विधायक पर साधा निशाना
स्थानीय मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास है। यदि पूर्व विधायक से लोढ़ा के पास प्रमाण हैं तो कानून के समक्ष प्रस्तुत करें, जिससे सत्य सामने आ सके।
मीडिया लोकतंत्र का आईना
प्रेस वार्ता में विलंब होने पर खेद व्यक्त करते हुए राठौड़ ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और समाज का आईना है। भाजपा हमेशा मीडिया का सम्मान करती है और उसकी स्वतंत्रता के प्रति प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित एवं जिला प्रवक्ता लोकेश खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। तदुपरांत मदन राठौड़ ने विधायक जन सेवा केंद्र उद्घाटन समारोह सहित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला संगठनात्मक बैठक में शिरकत कर संबोधित किया।



