तमिलनाडु में केरल के पर्यटकों से भरी वैन दुर्घटनाग्रस्त, 9 लोगों की मौत

0

चेन्नई। तमिलनाडु में कोयंबटूर जिले में पोल्लाची के पास शुक्रवार की शाम केरल के पर्यटकों को ले जा रही वैन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से नौ लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक केरल के मलप्पुरम जिले के पेरिंथलमन्ना से कुल 13 पर्यटक पोल्लाची के पास स्थित पर्यटन स्थल वालपराई के ठंडे मौसम का आनंद लेने के लिए यात्रा पर निकले थे।

वे जब अपनी टेम्पो ट्रैवलर वैन से लौट रहे थे, तो वालपराई-पोल्लाची घाट सड़क पर एक तीखे मोड़ (हेयरपिन बेंड) से गुजरते समय वैन अनियंत्रित हो गई और चट्टानी इलाके में 800 फीट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को एक और व्यक्ति की मौत हो गई। जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दुर्घटना में पर्यटकों की मौत पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों से प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा और सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सोशल मीडिया पर खरगे ने कहा कि कोयंबटूर में हुए दुखद सड़क दुर्घटना से मैं बहुत दुखी हूं, जहां एक वैन के खाई में गिरने से केरल के 9 पर्यटकों की जान चली गई।

उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मैं प्रार्थना करता हूं। यह त्रासदी एक बार फिर सड़क सुरक्षा के लिए और अधिक कड़े उपायों की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल मुआवजा और सहायता भी सुनिश्चित करनी चाहिए।