अजमेर। पुष्कर घाटी में रविवार को हुए भीषण बस हादसे में एक मासूम बच्चे और दो महिलाओं की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। पीसांगन की ओर जा रही यात्रियों से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। चीख पुकार की आवाजें सुनकर बडी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने सीमित संसाधनाों से तत्काल बचाव कार्य आरंभ किया। हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा अजमेर से पुष्कर जाने वाले घाटी मार्ग पर हुआ, जहां खतरनाक मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस करीब 150 फीट नीचे जा गिरी। बस में करीब 30 से अधिक लोग सवार थे, जो मायरा भरने पीसांगन की ओर जा रहे थे।
पुलिस और प्रशासन की तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य को व्यवस्थित किया। पुलिस ने घाटी पर एक तरफा यातायात लागू कर एम्बुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।
राहत-बचाव और अस्पताल में उपचार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों व राहगीरों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर घायलों को निकालने में मदद की। इस बीच एक के बाद एक कई एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी व्यवस्था सक्रिय कर दी। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को आईसीयू में भर्ती कर विशेष निगरानी में रखा गया है।



