आईआरजीसी ने होर्मुज़ में एक इज़राइली जहाज़ सहित दो जहाजों को जब्त किया

0

तेहरान। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की नौसेना ने बुधवार को कहा कि उसने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नियमों के उल्लंघन के आरोप में दो जहाजों को रोककर अपने कब्जे में लिया और उन्हें ईरानी जलक्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया है।

आईआरजीसी नौसेना ने कहा कि इन जहाजों को ईरान के तट पर लाया गया है और चेतावनी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवस्था और सुरक्षा को बाधित करना ईरान के लिए लाल रेखा है।

बयान के अनुसार एक जहाज को ईरान के तट के पास निशाना बनाया गया, जबकि दूसरा जहाज ओमान के तट के निकट हमले में क्षतिग्रस्त हुआ। आईआरजीसी ने जिन जहाजों की पहचान की है, उनमें एमएससी-फ्रांसेस्का शामिल है, जिसे उसने इजराइली स्वामित्व वाला बताया। दूसरा जहाज एपामिनोडेस है।

संगठन के अनुसार इन जहाजाें को बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था और वे बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। ये नेविगेशन सिस्टम में छेड़छाड़ कर रहे थे और गुप्त रूप से जलडमरूमध्य से बाहर निकलने की कोशिश में समुद्री सुरक्षा को खतरे में डाल रहे थे।

आईआरजीसी नौसेना ने कहा कि बलों की खुफिया निगरानी के तहत इन जहाजों की पहचान कर उन्हें रोका गया, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी राष्ट्र के अधिकारों की रक्षा की जा सके। संगठन ने बताया कि दोनों जहाजों को अब ईरानी क्षेत्रीय जल में ले जाकर उनके कार्गो और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

आईआरजीसी ने दोहराया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए ईरान द्वारा घोषित नियमों के उल्लंघन या सुरक्षित नौवहन के विपरीत किसी भी गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ निर्णायक तथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।