टेस्ला ने पेश किया नया छह-सीटर लग्जरी एसयूवी, कीमत 61.99 लाख रुपए

0

मुंबई। टेस्ला इंडिया ने बुधवार को अपना नया छह-सीटर मॉडल ‘वाई एल’ पेश किया जिसकी शुरुआती कीमत 61.99 रुपए है।

देश की आर्थिक राजधानी में स्थित द बैलार्ड पियर डाउनटाउन एक्सपीरियंस सेंटर में इस लग्जरी एसयूवी की लॉन्चिंग की गई। टेस्ला की वेबसाइट पर आज से इसके लिए ऑनलाइन ऑर्डर किया जा सकता है। आम लोग गुरुवार से मुंबई के बीकेसी, दिल्ली के एरोसिटी और गुरुग्राम के ऑर्किड बिजनेस पार्क में टेस्ला के शोरूम पर जाकर मॉडल वाई एल का अनुभव ले सकेंगे।

एक बार पूरी तरह चार्ज करने पर यह एसयूवी 681 किमी तक की रेंज प्रदान करता है। यह केवल पांच सेकंड में शून्य से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। इसकी अधिकतम रफ्तार 201 किमी/घंटा है। इसमें 2,539 लीटर तक की सामान रखने की जगह भी है।

मॉडल वाईएल में तीन पंक्तियों में छह सीटें हैं। दूसरी पंक्ति की कैप्टन सीट्स में पावर्ड आर्मरेस्ट, वन-टच फोल्डिंग, वेंटिलेशन और हीटिंग की सुविधा है, जबकि तीसरी पंक्ति में पावर रिक्लाइन, वन-टच फोल्डिंग और वेंटिलेटेड क्लाइमेट कंट्रोल दिया गया है।

एकॉस्टिक ग्लास, अपडेटेड सस्पेंशन सिस्टम, नए 19-इंच के मैशिना व्हील्स और 18-स्पीकर तथा एक सबवूफर वाले टेस्ला ऑडियो सिस्टम के साथ यह वाहन शांत और आरामदायक सफर का अनुभव देता है। एडाप्टिव सस्पेंशन और इलेक्ट्रॉनिक डैम्पिंग शॉक्स सड़क की स्थिति के अनुसार खुद को ढालते हैं।
इसमें लाइव ट्रैफिक विज़ुअलाइजेशन, सैटेलाइट मैप, लाइव कैमरा व्यू और इन-कार स्ट्रीमिंग सेवाएं भी हैं। मॉडल वाई एल की शुरुआती कीमत 61,99,000 रुपए है, जबकि ईएमआई 49,000 से शुरू होती है। भारत में इसकी पहली डिलीवरी जून 2026 से शुरू होगी।

कंपनी ने बताया कि वर्तमान में उसके पास देश में पांच सुपरचार्जर स्टेशन हैं, जिनमें 20 सुपरचार्जर और 14 वॉल कनेक्टर शामिल हैं। आने वाले समय में वह सात और सुपरचार्जर स्टेशन खोलने की योजना बना रही है, जो दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई, पुणे, बेंगलूरु, हैदराबाद और चेन्नई जैसे मेट्रो शहरों में होंगे। साथ ही कंपनी का होम चार्जिंग प्रोग्राम भी पहले से मौजूद है।