‘रामराज्य’ निर्माण के लिए मंदिरों में सामूहिक प्रार्थना एवं प्रतिज्ञा का आयोजन

1

जयपुर। अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर के निर्माण के पश्चात, अब देश में आदर्श रामराज्य की व्यवस्था स्थापित करने के संकल्प के साथ सनातन संस्था द्वारा रामराज्य निर्माण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।

जयपुर के प्राचीन मां वैष्णव देवी मंदिर एवं सिद्ध श्री काले हनुमान मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के साधकों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रामराज्य की शीघ्र स्थापना के लिए भगवान के चरणों में मनौती मांगी। यह अभियान सनातन संस्था के संस्थापक सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत बालाजी आठवले जी के 84वें जन्मोत्सव (अमृत महोत्सव) के पावन अवसर पर शुरू किया गया है।

साधकों ने ली धर्म-संस्थापन की प्रतिज्ञा

इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने हनुमान जी के समक्ष यह प्रतिज्ञा ली कि वे समाज में न्याय, आचार और शिक्षा व्यवस्था को रामराज्य के आदर्शों के अनुरूप ढालने के लिए आध्यात्मिक और सामाजिक स्तर पर निरंतर प्रयास करेंगे। संकल्प के दौरान यह दृढ़ निश्चय किया गया कि हिन्दू मंदिरों, गौमाता और पवित्र वैदिक ग्रंथों के संरक्षण हेतु समाज को जागृत किया जाएगा।

आध्यात्मिक शक्ति से होगा राष्ट्र उत्थान

कार्यक्रम में बताया गया कि सनातन संस्था का उद्देश्य व्यक्ति में सात्विकता बढ़ाकर राष्ट्र में धर्म आधारित आदर्श शासन व्यवस्था यानी ‘रामराज्य’ साकार करना है। उपस्थित जनसमूह ने हिन्दू त्योहारों को शास्त्रोक्त पद्धति से मनाने और धर्म शिक्षा के प्रसार का संकल्प भी दोहराया। इस आयोजन में शुभ्रा भार्गव, अंशू हर्ष, अंजू पुरोहित, आनंद जाखोटिया, बागेश्वर शर्मा, आशा शर्मा, दुर्गेश नंदिनी, मीनू चौधरी, सीमा जी, मुकेश शर्मा सहित सनातन संस्था के अनेक साधक और स्थानीय श्रद्धालु भारी संख्या में सम्मिलित हुए।