हनुमानगढ़ : घर में अकेली महिला से 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर बदमाश फरार

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में मोरजंड सिखान गांव में घर में अकेली महिला से तीन नकाबपोश बदमाश सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूटकर फरार हो गये।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि महिला रविवार को सुबह घर में अपने बच्चों के साथ अकेली थी। शाम करीब पौने पांच बजे तीन नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घर के अंदर आ गए और पिस्तौल दिखाकर महिला को डराया-धमकाया। इसी दौरान एक बदमाश ने उसके चेहरे पर दवा का स्प्रे कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

इसके बाद बदमाश करीब 25 लाख रुपए का सोने चांदी के आभूषण और नगद राशि लूट कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर अमरसिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।

आदतन हेरोइन तस्कर गिरफ्तार

हनुमानगढ़ जिले के हनुमानगढ़ टाऊन में पुलिस ने एक आदतन हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार करके उससे 51 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस दल ने सोमवार को मूंडा गांव के नजदीक सेमनाला के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे विनोद ओड (27) को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 51 ग्राम हेरोइन, उसकी बिक्री के 4450 रुपए और एक कंप्यूटर कांटा बरामद हुआ। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।