श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहानी से उनके ही सेवा केंद्र पर मारपीट

3

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर में भारतीय जनता पार्टी विधायक जयदीप बिहानी से मारपीट करने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को दोपहर उनके ही एसडी कॉलेज कैंपस में स्थित विधायक सेवा केंद्र पर उनसे मारपीट की गई। जयदीप बिहानी ने राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (आरयूआईडीपी) के एक सहायक अभियंता जगन्नाथ बैरवा और परियोजना प्रबंधक शाहनवाज पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

मौके पर पहुंचे जवाहरनगर थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्रसिंह राठौड़ और उनके साथ आए सहायक उप निरीक्षक राजकुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने जगन्नाथ बैरवा और शाहनवाज को हिरासत में ले लिया।

बिहानी ने कहा कि उन्होंने इनके खिलाफ थाने में शिकायत की है साथ ही अपने ऊपर हाथ उठाए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्य सचिव को दे दी हैं।

अपने साथ मारपीट होने के बाद बिहानी ने श्रीगंगानगर शहर में 24 घंटे जल आपूर्ति करने की 550 करोड़ की परियोजना पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार से इसकी जांच करवाने और जलापूर्ति का काम फिर से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईएचडी) को देने की मांग की है।