नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के गहराते असर के बीच देश में सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्य एलपीजी के दामों में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है। दिल्ली में 19 किलोग्राम गैस का कमर्शियल सिलेंडर 993 रुपए महंगा हो गया है।
होटलों और रेस्तरांओं में आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में एक झटके में 993 रुपए की बढ़ोतरी एक रिकॉर्ड है। स्थानीय करों को मिलाकर दिल्ली में इसकी कीमत अब 2,078.50 रुपए से बढ़कर 3,071.50 रुपए हो गई है।
इससे पहले 1 अप्रैल को 195.50 रुपए प्रति सिलेंडर और 1 मार्च को 114.50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी। इसके साथ ही, तीन महीनों में कीमतों में कुल 1,303 रुपए की वृद्धि हुई है।
ईरान पर फरवरी में अमरीका और इजराइल के हमले के बाद तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति बाधित हुई है और कीमतें उछाल पर हैं। सरकार ने फिलहाल राजकोषीय समायोजन के जरिए डीजल और पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ने दिए हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी वृद्धि सीमित रखी गई है।



