जबलपुर बरगी बांध क्रूज दुर्घटना में 9 की मौत, 4 लापता, जांच के आदेश

1

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बाँध में गुरुवार शाम तेज आंधी के दौरान पर्यटन विभाग का एक क्रूज डूबने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन बच्चों सहित चार लोग लापता बताए जा रहे हैं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हादसे के समय क्रूज में लगभग 43 से 47 पर्यटक सवार थे, जबकि आधिकारिक रूप से केवल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। यह हादसा बांध के किनारे से करीब 300 मीटर दूर उस समय हुआ, जब अचानक मौसम खराब हुआ और तेज हवाओं के चलते क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया है कि उस समय हवा की गति काफी तेज थी, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना के बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मिलकर अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हालांकि अंधेरा और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधाएं भी आईं।

इस हादसे में सामने आई एक मार्मिक घटना ने सभी को झकझोर दिया, जब एक मां अपने चार वर्षीय बेटे को लाइफ जैकेट के भीतर सीने से लगाए मृत अवस्था में मिली। दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए पाए गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी, जो सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी को दर्शाता है। पर्यटन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार यह क्रूज वर्ष 2006 में निर्मित था और इसकी क्षमता लगभग 60 यात्रियों की बताई गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए तथा घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और स्थिति की समीक्षा के लिए जबलपुर पहुंचने की संभावना जताई गई है।

हादसे को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं, क्रूज की फिटनेस, यात्रियों की संख्या और संचालन में संभावित लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा लापता लोगों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।