कोलकाता। पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने संबंधी मंगलवार के बयान पर विपक्ष के नेता और सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ऐसे मामले में संवैधानिक व्यवस्था स्पष्ट है।
बनर्जी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह कहे जाने पर कि वह लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं देंगी, भाजपा नेता अधिकारी ने कहा कि इस बारे में (हमारी पार्टी) का प्रवक्ता बताएगा। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि संविधान में सब लिखा हुआ है, ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं है।
उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी ने राज्य विधान सभा चुनाव में अपनी पार्टी की भारी पराजय के एक दिन बाद आज कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को जबरन हराया गया है और वह लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने कहा कि हम हारे नहीं हैं, हमें हराया गया है।
संवैधानिक व्यवस्थाओं के अनुसार किसी भी प्रदेश में विधान सभा चुनाव के परिणाम आने के बाद उसके दल के जीतने या हारने-दोनों ही स्थितियों में मुख्यमंत्री राज्यपाल से मिल कर इस्तीफा सौंप देते हैं। राज्यपाल उन्हें नई सरकार का गठन होने तक मुख्यमंत्री के पद पर काम करते रहने का अनुरोध करते हैं।
उल्लेखनीय है कि 294 सदस्यीय राज्य विधान सभा के चुनाव में तृणमूल को भारी पराजय का सामना करना पड़ा है और बनर्जी भवानीपुर विधान सभा क्षेत्र में खुद सुवेंदु अधिकारी के सामने 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गई हैं।
भाजपा ने राज्य में नई सरकार के गठन के लिए अपने नेता के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है और गृहमंत्री अमित शाह को कोलकाता में होने वली विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक बनाया है।



