प्रयागराज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 6 को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा

1

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में अतरसुइया थाना क्षेत्र स्थित कल्याणी देवी मोहल्ले में शनिवार शाम पुलिस ने एक मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं और दो पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया।

मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कल्याणी देवी क्षेत्र के एक मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मकान में प्रतिदिन नए-नए लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे क्षेत्र में संदेह का माहौल बना हुआ था।

शनिवार शाम करीब चार बजे सहायक पुलिस उपायुक्त निकिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में अतरसुइया पुलिस ने मकान पर छापा मारा। पुलिस टीम के पहुंचने पर मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस अंदर पहुंची।

पुलिस के अनुसार मकान के अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। छापेमारी के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।

पुलिस सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था तथा इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मकान मालिक और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।