धौलपुर में कहासुनी के बाद युवक की गोली मारकर हत्या

0

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र में घुरैयाखेड़ा गांव में अपने दोस्त की शादी में गए एक युवक की शुक्रवार देर रात चेहरे पर गोली मार कर हत्या कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल (20) पहले विवाह समारोह में डीजे पर डांस करते समय हर्ष गोलीबारी से मौत बताया गया था, लेकिन पुलिस पूछताछ में पता चला कि विवाह समारोह के दौरान मृतक की एक नामजद युवक के साथ हुई कहासुनी के बाद आरोपी ने राहुल के चेहरे पर गोली मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि राहुल शुक्रवार रात अपने दोस्त सोनपाल के साथ घुरैयाखेड़ा गांव में दोस्त जितेंद्र की शादी में गया था। गोलीबारी के बाद विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके से भाग खड़े हुए। राहुल के भाई रामलखन ने आरोपी सचिन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।