भजनलाल ने अजमेर जिले के कड़ेल गांव में सुबह की सैर के साथ ग्रामीणों से किया संवाद

1

अजमेर/पुष्कर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर जिले के कड़ेल गांव में सोमवार सुबह की सैर के साथ आमजन के बीच पहुंचकर जन संवाद किया।

शर्मा ने रविवार रात को ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से संवाद के बाद गांव में ही रात्रि विश्राम किया और सुबह उठकर गांव में सैर के लिए निकले और मुख्यमंत्री गांव की गलियों में पैदल भ्रमण करते नजर आए। ग्रामीण जब अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने मुख्यमंत्री को सहज और सरल भाव से गांव में अपने बीच पाकर काफी उत्साहित नजर आए।

मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया तथा महिलाओं, किसानों, पशुपालकों, युवाओं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं और सफाईकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने बच्चों को दुलारते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली और उन्हें चॉकलेट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने किसानों से गुलाब, आंवला, लेसवा, जामुन और प्याज सहित स्थानीय कृषि उत्पादों एवं पारंपरिक खेती की पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं नवाचार आधारित कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उन्नत कृषि पद्धतियों और जल संरक्षण आधारित प्रयासों से उत्पादन और आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है।

शर्मा ने गांव में लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को विशेष शिविर आयोजित कर राजस्व वादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ बैठकर चाय भी पी तथा गांव के विकास, खेती-किसानी, शिक्षा और दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर आत्मीय चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री की सहजता ने ग्रामीणों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त बस संचालन सुनिश्चित करने तथा बालिका विद्यालय की चारदीवारी निर्माण के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने गांव के प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में भी उन्होंने श्रद्धालुओं से भी संवाद किया।

कड़ेल गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर जिले के कड़ेल गांव में मंगलवार सुबह पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। शर्मा ने गांव में रात्रि विश्राम करने के बाद सुबह गांव का पैदल भ्रमण किया और ग्रामीणों से संवाद कर बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों एवं युवाओं से लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।