शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के जन्मदिवस पर पक्षियों के लिए लगाए परिंडे

0

अजमेर। शिक्षा मंंत्री मदन दिलावर के जन्मदिवस पर अजमेर में ‘तेजस उत्सव’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान राज्य की ओर से सेवा कार्य करते हुए पक्षियों एवं बेजुबान जानवरों के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी के परिंडे लगाए गए तथा आमजन को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

अजमेर में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा कार्यालय, संभागीय संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा कार्यालय सहित कई स्थानों पर परिंडे बांधकर लोगों को अपने घरों की छतों, विद्यालयों और आसपास के बगीचों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संदेश दिया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए इस पहल को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा की आवश्यका बताई।

संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा डॉ. महावीर प्रसाद शर्मा ने कार्यालय परिसर में स्वयं परिंडा लगाकर इस प्रकार के सेवा कार्यों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों और बेजुबान जीवों को पानी उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है और समाज के हर व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हेमन्त कुमार मिश्रा ने कहा कि बेजुबान पक्षी अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर पाते और भीषण गर्मी में पानी की तलाश में भटकते रहते हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के जन्मदिन के अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के माध्यम से जिलेभर में इस अभियान की शुरुआत की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग परिंडे लगाकर जीवों की सेवा के लिए आगे आएं।

जिला प्रभारी दीपक प्रजापति ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को अपने घरों, विद्यालयों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह छोटा सा प्रयास भीषण गर्मी में पक्षियों और बेजुबान जानवरों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रामनिवास गालव, जिला उपाध्यक्ष वंश प्रदीप सिंह, संस्थापन अधिकारी चंद्रशेखर, सुरेश उदेनिया, रामस्वरूप, विष्णु बुनकर, रोवर अब्बास, तनवीर हुसैन, अकरम खान सहित कई स्काउट-गाइड सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।