श्रीगंगानगर में नहर में गिरे युवक को बचाने के प्रयास में गई जान

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में चूनावढ़ थाना क्षेत्र में चक 22-एमएल के पास गंगनहर की मुख्य शाखा में गिरे एक युवक को बचाने के प्रयास में एक युवक की जान चली गई।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान गुरुचरण उर्फ गगनदीप मजहबी सिख (30) के रूप में हुई है। गुरचरण सिंह को रविवार शाम को पता चला कि उसके साथ भट्टे पर काम करने वाला एक युवक चंदू कुम्हार चक 22 एमएल में नहर के किनारे मौजूद है। वह कथित रूप से नहर में कूद जाने को आमादा है।

पुलिस ने बताया कि यह पता चलने पर गुरुचरण सिंह अपने साथ काम करने वाले दो अन्य युवकों ललित एवं सुनील को लेकर नहर किनारे पहुंचा, जहां उसने चंदू को समझाने की कोशिश की। बताया जाता है कि इसी दौरान चंदू नहर में गिर गया। गुरचरण, ललित और सुनील ने उसे बचाने के लिए पीछे नहर में छलांग लगा दी। सुनील और ललित ने प्रयास करके चंदू को बाहर निकाल लिया, लेकिन गुरचरण सिंह पानी के तेज बहाव में बह गया।

यह पता चलते ही उसके परिवार वाले मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को सूचना दी। उसी समय से पुलिस गुरचरणसिंह की नहर में तलाश कर रही थी। सोमवार को भी सारा दिन तलाश का कार्य जारी रहा। देर शाम को सुलेमान का शव हेड के पास बरामद हुआ।

खेत की डिग्गी में डूबने से किशोर की मौत

श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान हेतराम नायक निवासी चक 49-एफ के रूप में हुई है। हेतराम शाम करीब पांच बजे खेत में स्थित डिग्गी से पानी लेने गया था। पैर फिसलने से वह डिग्गी में गिर गया।

पुलिस ने बताया कि इसकी जानकारी मिलने पर गांव के लोग डिग्गी पर पहुंचे। उन्होंने हेतराम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी माैत हो गई थी। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।