असम में तीसरी बार भाजपा सरकार, हिमंता बिस्वा सरमा बने दूसरी बार मुख्यमंत्री

0

गुवाहाटी। असम में डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली। खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सरमा असम के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दो बार इस पद की कमान संभाली है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर राजग के शीर्ष नेतृत्व ने अपनी उपस्थिति से समारोह की भव्यता बढ़ा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी इस दौरान विशेष रूप से मौजूद रहे।इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई राज्यों के गणमान्य नेता इस पल के साक्षी बने।

इतना ही नहीं, सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में अंतरराष्ट्रीय तड़का तब लग गया, जब भारत में अमरीका के नवनियुक्त राजदूत सर्जियो गोर भी इसमें शामिल होने के लिए पहुंच गए। कैबिनेट गठन के पहले चरण में मुख्यमंत्री के साथ चार अन्य वरिष्ठ मंत्रियों ने भी पद की शपथ ली। भाजपा की ओर से अजंता नेओग और रामेश्वर तेली को जगह मिली, जबकि सहयोगी दलों से असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो ने मंत्री पद की शपथ ली।

असम में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की यह जीत कई मायनों में खास है। असम में भाजपा की सत्ता का सफर साल 2016 में शुरू हुआ था। तब भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 15 साल के कांग्रेस शासन को उखाड़ फेंका था। राज्य में भाजपा की पहली सरकार का नेतृत्व सर्बानंद सोनोवाल ने किया था, जिन्होंने 2016 से 2021 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल में असम में भाजपा की जड़ें मजबूत हुई।

इसके बाद 2021 के विधानसभा चुनावों में जीत के साथ राज्य में भाजपा की दूसरी सरकार बनी और कमान डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के हाथों में आई। अब 2026 के विधानसभा चुनावों में राजग गठबंधन ने 126 में से 102 सीटें जीतकर शानदार हैट्रिक पूरी की है। डॉ. सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में उनके पूर्ववर्ती और वर्तमान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जो राज्य में पार्टी के भीतर निरंतरता और एकजुटता का प्रतीक है।

भारत में अमरीका के नवनियुक्त राजदूत सर्जियो गोर भी सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। समारोह में शामिल होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के साथ हाथ मिलाते हुए अपनी तस्वीर भी पोस्ट कर उन्हें बधाई दी और असम-अमरीका के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों पर जोर दिया। राजदूत ने अपने ट्वीट में कहा कि आज मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गुवाहाटी आमंत्रित किए जाने पर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने आगे कहा कि अमरीका-असम के बीच कई वाणिज्यिक संबंध हैं और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भविष्य में दोनों पक्षों के लिए लाभकारी सहयोग के और भी कई अवसरों की पहचान करेंगे।