भिवाड़ी में मौलवी के पुत्र के खिलाफ मदरसे की छात्रा से रेप करने का केस दर्ज

0

खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी में मदरसे में पढ़ने वाली एक बालिका ने मौलवी के पुत्र पर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया है।

पीड़िता ने बताया कि दो बार उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई। पुलिस ने पीड़िता एवं उसके परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है साथ ही पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि भिवाड़ी के चौपनकी थाना क्षेत्र स्थित मदरसे में पढ़ने वाली 12 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वह मदरसे में रहकर तालीम हासिल कर रही थी।

पीड़िता का आरोप है कि मौलवी के पुत्र ने उससे दो बार गलत काम किया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में मौलवी के पुत्र का जिक्र किया है। डरी-सहमी पीड़िता ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद परिजनों ने भिवाड़ी के चौपानकी थाने में मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि उक्त मदरसे में करीब 50 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। इस मामले के सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल भिवाड़ी पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।