अलवर में दिल्ली के ESIC अस्पताल के उप निदेशक की संदिग्ध मौत, घर में सीढ़ियों के नीचे मिला शव

0

अलवर। राजस्थान के अलवर में दिल्ली स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल में उप निदेशक के पद पर कार्यरत 40 वर्षीय संतोष मीणा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह दीपावली की छुट्टियों में अपने घर आए हुए थे। रविवार सुबह उनका शव घर में सीढ़ियों के नीचे पड़ा मिला। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार संतोष मीणा अलवर के धाबाई जी का बास (अखेपुरा) क्षेत्र स्थित अपने घर आए हुए थे। शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण वह परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर पहुंचे थे। शनिवार रात उन्होंने अपने पिता गुलाबचंद से बातचीत की और सुबह करीब तीन बजे जल्दी उठाने के लिए कहा। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए।

रविवार सुबह जब परिजनों ने उन्हें देखा तो उनका शव मकान में सीढ़ियों के नीचे पड़ा हुआ था। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सीढ़ियों से गिरने की आशंका, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिजनों ने आशंका जताई है कि संतोष मीणा रात के समय सीढ़ियों से फिसलकर नीचे गिर गए होंगे। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में सीढ़ियों के नीचे पहुंचे और उनकी मौत किस वजह से हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।

दिल्ली में कार्यरत थे संतोष मीणा

संतोष मीणा दिल्ली स्थित ईएसआईसी अस्पताल में उप निदेशक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और माता-पिता हैं। उनका बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। उनके बड़े भाई हुकम चंद मीणा दिल्ली पुलिस में कार्यरत बताए गए हैं। एक सरकारी अधिकारी की अचानक हुई मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा।