अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में बरबाडा गांव में पुलिस ने एक दिन पहले दो पक्षों में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद गांव में दबिश देकर अवैध हथियारों का जखीरा बरामद करके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बरवाड़ा में दो पक्षों के बीच विवाद और गोलीबारी की सूचना मिली थी। घटना के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विवाद में शामिल लोगों के घरों में अवैध हथियार रखे हुए हैं। इस पर पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दबिश दी।
कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी गुरुबख्श सिंह के कब्जे से एक अवैध देशी बंदूक 315 बोर, 15 जिंदा कारतूस 315 बोर, 65 जिंदा कारतूस 12 बोर और चार खाली खोखे 12 बोर बरामद किए। वहीं अन्य आरोपी राजेन्द्र सिंह के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा 315 बोर एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि दो महीने पूर्व बरवाड़ा गांव में लकड़ी रखने की विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष की ओर से गोलीबारी करने पर दूसरे पक्ष के युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पंजाब के फिरोजाबाद से हथियार लाते थे। वहां से 100 रुपए में एक कारतूस आसानी से मिल जाता था वही 315 बोर की बंदूक 15 से 20 हजार में उपलब्ध हो जाती थी। पुलिस ने आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जहां न्यायालय ने आरोपियों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए।



