अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार वर्ष पुराने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म मामले में वांछित दो इनामी स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारिस और शेर खान के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को दबोंच लिया। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे और पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी। बुधवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने अलवर के यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम न्यायालय में पेश किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में एक किशोरी का अपहरण करके उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दो आरोपी फरार थे। दोनों पर दो-दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत एक घायल
अलवर जिले के बसवा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पप्पूलाल सैनी एवं उसका साथी पिंटू सैनी मोटर साइकिल से बसवा से काम करके अपने घर बांदीकुई लौट रहे थे।
इसी दौरान बसवा मोड़ के समीप सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि उन्हें राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया जहां पप्पूलाल सैनी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि पिंटू सैनी को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर भेज दिया गया।



