तमिलनाडु चुनावों में अवैध रूप से मतदान करने के आरोप में 25 विदेशी नागरिक अरेस्ट

0

चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में कथित तौर पर अवैध रूप से वोट डालने के आरोप में अब तक लगभग 25 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है या हिरासत में लिया गया है।

ये विदेशी नागरिक श्रीलंका, ब्रिटेन, इंडोनेशिया और कनाडा के हैं और उनके पास अपने देशों के पासपोर्ट हैं। इन्हें चेन्नई और मदुरई हवाई अड्डों पर तब गिरफ्तार किया गया या हिरासत में लिया गया, जब आप्रवासन अधिकारियों ने उनकी बाईं तर्जनी उंगली पर अमिट स्याही लगी पायी। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि उनके पास भारतीय पहचान साबित करने के लिए कोई भारतीय पासपोर्ट नहीं था।

इन लोगों पर चुनाव में धोखाधड़ी से पहचान संबंधी दस्तावेज हासिल कर अवैध रूप से मतदान करने का आरोप लगाया गया है। मदुरई जैसे अन्य हवाई अड्डों और अन्य शहरों में भी मामले दर्ज किए गए जहां गिरफ्तारियां हुईं, लेकिन चेन्नई के पुलिस कमिश्नरेट ने शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि अन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आप्रवासन अधिकारियों ने 10 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं, जो अपने-अपने देशों में लौटने के लिए उड़ान भरने ही वाली थीं।

गिरफ्तार किये गए 10 विदेशी नागरिकों में से सात श्रीलंका के थे, जबकि एक-एक नागरिक इंग्लैंड, इंडोनेशिया और कनाडा का था। जांच में पता चला कि उनके पास विदेशी नागरिकता थी और उन्होंने भारतीय नागरिक होने का कोई वैध प्रमाण या दस्तावेज न होने के बावजूद अवैध रूप से मतदान किया था। गिरफ्तार किए गए सभी 10 विदेशी नागरिकों को चेन्नई सिटी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने इनके खिलाफ कुल नौ मामले दर्ज किये हैं। इन सभी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सात से 14 मई तक चले एक हफ्ते के लंबे अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों में श्रीलंका की रंजनी (59), सरबुद्दीन (68), निलांती (44), जयंतन (50), चार्ली बालचंद्रन (48), चक्रवर्ती लोकप्रिया (50) और सुनीता चक्रवर्ती (48) शामिल हैं। इनके अलावा ब्रिटेन के नागरिक अय्यादुरै (53), इंडोनेशिया की डिटेन मरियात्ती (47) और कनाडा के जितेंद्रनाथ (38) को भी गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को चुनाव हुए थे।

खबरों के अनुसार अधिकारियों ने चुनाव आयोग को विस्तृत रिपोर्ट भेजी है, जिसमें उन्हें इस अवैध मतदान और विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। ये गिरफ्तारियां उन सूचनाओं के आधार पर की गईं, जिनमें कहा गया था कि कई विदेशी नागरिक वोट डालने के लिए चुनाव के समय यहां आए थे। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें देश से भागने से रोकने के लिए मदुरई और त्रिची सहित सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर आप्रवासन अधिकारियों को सतर्क कर दिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन विदेशी नागरिकों ने पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी सहित कई जिलों में मतदान किया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।