अजमेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार को अजमेर जिले में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने बताया कि जिले की नगर निगम अजमेर, नगर परिषद किशनगढ़ तथा नगर परिषद पुष्कर के 165 वार्डों में कुल 5,81,691 मतदाताओं में से 3,93,045 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में कुल 67.57 प्रतिशत औसत मतदान दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि जिले की नगर निगम अजमेर, नगर परिषद किशनगढ़ तथा पुष्कर में मतदान सुबह 7 बजे सभी मतदान केन्द्रों पर शुरू हुआ तथा निर्धारित समय तक शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई।
नगर निगम अजमेर के 80 वार्डों में कुल 4,38,039 मतदाताओं में से 2,79,688 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 63.85 रहा। प्रातः 10 बजे तक 14.58 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 35.61 प्रतिशत, अपराह्व 3 बजे तक 48.48 प्रतिशत तथा सायं 6 बजे तक 63.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
नगर परिषद किशनगढ़ के 60 वार्डों में कुल 1,26,161 मतदाताओं में से 98,720 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 78.25 रहा। प्रातः 10 बजे तक 19.33 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 45.34 प्रतिशत, अपराह्व 3 बजे तक 60.19 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक 77.01 प्रतिशत मतदान हुआ।
नगर परिषद पुष्कर के 25 वार्डों में कुल 17,491 मतदाताओं में से 14,637 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 83.68 रहा। प्रातः 10 बजे तक 24.63 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 56.05 प्रतिशत, अपराह्व 3 बजे तक 70.80 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक 83.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पिछली वोटिंग ने बढ़ाई उम्मीदें
अजमेर जिले में 9 सितंबर को पहले चरण में छह नगरपालिकाओं में मतदान हुआ था। पहले चरण में जिले में करीब 81.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। नसीराबाद में सर्वाधिक मतदान हुआ। इस ऊंची वोटिंग के बाद अब अजमेर शहर में भी राजनीतिक दलों की नजर मतदान प्रतिशत पर है। पहले चरण में अजमेर जिले की छह नगरपालिकाओं में कुल 87,919 मतदाताओं में से 72,021 मतदाताओं ने वोट डाला था।
किसके पक्ष में जाएगा वोटिंग का रुझान?
अजमेर नगर निगम चुनाव में भाजपा सत्ता में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस निगम में वापसी के लिए जोर लगा रही है। वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के निर्दलीय मैदान में उतरने से दोनों प्रमुख दलों की वोट बैंक रणनीति पर असर पड़ने की संभावना है। खास बात यह है कि कई वार्डों में मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा है। ऐसे में कम अंतर से जीत-हार वाले वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों को मिले वोट निर्णायक साबित हो सकते हैं।
14 सितंबर को आएगा परिणाम
आज मतदान पूरा होने के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत EVM में सुरक्षित हो जाएगी। अजमेर नगर निगम समेत दूसरे चरण में शामिल निकायों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी। इसके बाद साफ होगा कि अजमेर नगर निगम की सत्ता का रुख किस राजनीतिक दल की ओर जाता है।




