झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस की गाड़ी नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पीछा करते समय पेड़ से टकरा गई इससे एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई और थानाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि घटना सुबह करीब पांच बजे की है। दादिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने तड़के तीन बजे से नाकाबंदी की थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार गाड़ी नाकाबंदी तोड़कर आगे नवलगढ़ की तरफ निकल गई थी।
उन्होंने बताया कि सीकर जिले के दादिया थाना पुलिस से सूचना मिली थी कि दो बदमाश नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे हैं। नवलगढ़ (झुंझुनूं) पुलिस ने थार का पीछा करना शुरू किया। अचानक बदमाशों ने गाड़ी घुमाकर कच्चे रास्ते की तरफ मोड़ लिया, लेकिन पुलिस की गाड़ी मोड़ने के प्रयास में पेड़ से टकरा गई। जिससे थानाधिकारी अजय सिंह और चालक कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल (42) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सागर ने बताया कि दोनों घायलों को नवलगढ़ के सरकारी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। जहां से भींवाराम की हालत नाजुक होने पर उसे सीकर भेज दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अजय सिंह का नवलगढ़ अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीणों ने थार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि थार सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे। उनकी गाड़ी से बीयर के केन भी मिले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।



