जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने वक्त का हर क्षण और रक्त का हर कण अमूल्य बताते हुए कहा हैं कि रक्तदान न केवल मानव सेवा है,बल्कि समाज में एकता और इंसानियत का प्रतीक है जो किसी न किसी व्यक्ति केलिए जीवन है।
राजे रविवार को स्वास्थ्य कल्याण रक्त केंद्र के 32वें स्थापना दिवस पर जयपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लेकर यह बात कही। उन्होंने संस्था के अध्यक्ष डॉ.आर एस अग्रवाल और उनकी टीम को साधुवाद दिया जो 32 वर्षों से इस पुनीत कार्य में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आज हर दो सेकंड में भारत में किसी न किसी व्यक्ति को खून की ज़रुरत पड़ती है और हर साल 12 लाख यूनिट खून की कमी से लोग जान गंवा देते हैं। इसलिए रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वक्त का हर क्षण और रक्त का हर कण अमूल्य हैं।
इसीलिए रक्तदान को सर्वोच्च दान माना गया है,जो नि:स्वार्थ भाव से किसी की जान बचाकर सबसे बड़ा पुण्य कमाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि यह न केवल मानव सेवा है, बल्कि समाज में एकता और इंसानियत का प्रतीक है। हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्त का कतरा किसी न किसी व्यक्ति के लिए जीवन है।



