भोपाल में लिव-इन पार्टनर महिला पर हथौड़े से हमला कर की आत्महत्या

0

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और बाद में स्वयं पर चाकू से हमला कर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना आज सुबह सोनागिरि सी-सेक्टर में हुई। लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया (50) ने अपनी लिव-इन पार्टनर कल्पना भारती के सिर पर हथौड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को मृत समझकर उसने अपने गले और पेट पर चाकू से वार कर लिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने लक्ष्मण को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का उपचार जारी है।

एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि लक्ष्मण निजी वाहन चालक था। उसकी पत्नी की करीब पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद से वह मोहल्ले की रहने वाली कल्पना भारती के साथ लिव-इन संबंध में रह रहा था। कल्पना अपने पति से अलग रह रही थी और घरेलू कामकाज करती थी।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद का मामला सामने आया है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि लक्ष्मण, कल्पना के चरित्र पर संदेह करता था, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद होते रहते थे।

घटना की सूचना पर एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गंभीर रूप से घायल कल्पना भारती को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, बाद में शासकीय हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।