इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को ले गया अहमदाबाद, एक महीने बाद पुलिस ने किया बरामद

0

ग्वालियर से गुजरात तक 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, ऑटो चालक से मिला अहम सुराग; छात्रा के बयान पर रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ीं
ग्वालियर। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती नाबालिगों के लिए किस तरह गंभीर खतरा बन सकती है, इसका एक मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सामने आया है। माधौगंज थाना क्षेत्र से करीब एक महीने पहले लापता हुई 15 वर्षीय छात्रा को पुलिस ने गुजरात से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने उसे अपने साथ ले जाने के आरोपी बानमोर निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू वाल्मीक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा की आरोपी से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने के बाद आरोपी कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। छात्रा के लापता होने पर परिजनों ने माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

बस से मुरैना और फिर ट्रेन से पहुंचा गुजरात

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी छात्रा को पहले बस से मुरैना ले गया और वहां से ट्रेन के जरिए गुजरात पहुंचा। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम ने ग्वालियर से अहमदाबाद तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जांच में अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के फुटेज में आरोपी और छात्रा को ऑटो में बैठकर जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित ऑटो चालक की तलाश कर उससे पूछताछ की। चालक से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम गुजरात के औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंची।

दो दिन की तलाश के बाद मिली छात्रा

पुलिस टीम ने गुजरात के मेहसाणा जिले के कड़ी थाना क्षेत्र स्थित बुडासन रोड के जीआईडीसी औद्योगिक इलाके में तलाश अभियान चलाया। लगातार दो दिन की कोशिशों के बाद 17 नवंबर को एक झुग्गी से छात्रा को बरामद कर लिया गया। आरोपी जितेंद्र को भी हिरासत में लेकर ग्वालियर लाया गया।

छात्रा के बयान के बाद दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराएं जोड़ीं

ग्वालियर लाने के बाद पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और जान से मारने की धमकी देकर अपने साथ ले गया। गुजरात में रहने के दौरान भी उसे डराया-धमकाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

छात्रा के बयानों के आधार पर पुलिस ने पहले दर्ज अपहरण के मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी की पुष्टि की है।