माली समाज के विरोध के बाद रुका 1.55 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, भूमि विवाद पहुंचा हाईकोर्ट

3

अजमेर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नवीन गुलाबबाड़ी में प्रस्तावित 1 करोड़ 55 लाख रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास शनिवार को माली समाज के विरोध के चलते नहीं हो सका। डीएमएफटी मद से विद्यालय में 10 नए कक्षा-कक्ष, खेल मैदान और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाना था। कार्यक्रम में विधायक अनीता भदेल द्वारा शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित था।

मामले को लेकर कृषि विद्यालय विकास समिति ने भूमि स्वामित्व विवाद का हवाला देते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। समिति अध्यक्ष के अनुसार शिक्षा विभाग एवं विद्यालय विकास एवं प्रबंध समिति, नवीन गुलाबबाड़ी स्कूल के बीच खसरा संख्या 1718 की 10 बीघा 01 बिस्वा भूमि को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा है। यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में रिट याचिका संख्या 13/12/2019 के तहत विचाराधीन है।

समिति का कहना है कि उच्च न्यायालय ने 16 अप्रैल 2021 को संबंधित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का अंतरिम आदेश जारी किया था। इसके बावजूद उसी भूमि पर नए निर्माण कार्यों के शिलान्यास की तैयारी की जा रही थी, जिसे न्यायालय के आदेश की अवहेलना बताया गया।

विरोध के चलते माली समाज और समिति पदाधिकारियों ने शनिवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समारोह को तत्काल रोकने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थगित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद शिलान्यास समारोह नहीं हो सका।

घटना के बाद क्षेत्र में भूमि विवाद और विकास कार्यों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा संस्थान के विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन न्यायालय के आदेशों का पालन भी समान रूप से जरूरी है।